Wednesday, March 18, 2020
आज का अभिमन्यु
अनजान रास्तों पर अंधे की तरह चलते रहने का नाम ही जिंदगी है | यह कहानी मेरी और मेरे दोस्त संजय की है | मेरा और संजय का घर गाँव में बिलकुल पास में है | हमारा बचपन साथ में गुजरा | हम दोनों की आर्थिक हालत में ज्यादा अंतर नहीं था | जहाँ तक मुझे याद है बचपन में हम कपड़े भी लगभग एक जैसे ही पहनते थे | पुरानी फटी हाफ पैन्ट के साथ पुरानी बनियान | कपड़े इतने कम ख़रीदे जाते थे की ऐसा लगता था साल भर हम पुराने कपड़े ही पहने हुए हैं | कक्षा 5 तक हम दोनों साथ में पढ़े, उसके बाद मेरा नवोदय में चयन हो गया | उसने पिता की मृत्यु के कारण पढाई छोड़ दी और परिवार के पुस्तैनी कृषि कार्य में लग गया | इस तरह से हम दोनों ने जिंदगी की जंग में अलग अलग रास्ते पर चलना शुरू कर दिया | दूरियों और व्यस्तता के कारण हम ज्यादा मिल नहीं पाए | अब वह एक किसान है और मैं .... |
जब मैं गाँव जाता हूँ तो हम दोनों आपस में बहुत सारी बातें करते हैं | जिंदगी का लेखा जोखा करते हैं | किसने क्या पाया और क्या खोया | उससे मिलकर यकीन करना मुश्किल हो जाता है की इतने किसान आत्महत्या कर सकते हैं जितना समाचार में दिखाया जाता है | अब हमारे आर्थिक स्थिति की तुलना करना मेरे लिए आसान है, उसके लिए मुश्किल | लोगों को लगता है की मेरी जींस उसके पुराने पैंट से ज्यादा साफ़ है | उसे लगता है मैं अपनी जिंदगी से बहुत खुश हूँ | मेरे पास बहुत सारे पैसे हैं | मैं बहुत अच्छी ऐशो आराम की जिंदगी जी रहा हूँ | इंसान जैसा स्वयं होता है दूसरों के लिए वैसा ही सोचता है |
वह खुलकर बोलता है की उसके पास बहुत सारे पैसे नहीं हैं | पिछले साल चाची की बीमारी में 5000 रूपये कर्ज लेना पड़ा था जो मटर की खेती से किसी तरह चूकाया | मैंने अपने क्रेडिट कार्ड के बारे में बताया जिससे हर महीने 5 से 10 हजार रूपये कर्ज लेता हूँ | मेरी बातों पर उसे यकीन नहीं होता है | जब मैंने कहा की हम सब की जिंदगी एक जैसी ही है तो वो बोला की तू पढ़ लिख के बातें बनाने लगा है |
एक बार हमारी बातें लम्बी चली | मैंने भावनाओं में बहकर अपनी जिंदगी का सारा कच्चा चिट्ठा खोल दिया | मेरी नौकरी, मेरा काम, मेरी चिंता, मेरा परिवार, मेरी मजबूरियाँ, मेरा दोहरा चरित्र, मेरी समस्याएं, सब कुछ | वो अवाक् मेरी ओर देखे जा रहा था | अचानक पूछा “अब क्या करेगा” ? मैंने कहा “पता नहीं” | “वापस घर क्यों नहीं आ जाता” ? मैंने कहा “कैसे” ? “तू समझ नहीं रहा है ये सब इतना आसान नहीं है” | दिखावे और आडम्बर के जाल में फंसा मैं आज का अभिमन्यु हूँ | काश की ऊपर लिखी बातें तुझे बता पाता |
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
सही लिखा
ReplyDeleteबहुत ही मार्मिक ढंग से अति सुंदर प्रस्तुति।
ReplyDeleteनमस्कार
बहुत ही मार्मिक ढंग से अति सुंदर प्रस्तुति।
ReplyDeleteनमस्कार
बहुत ही मार्मिक ढंग से अति सुंदर प्रस्तुति।
ReplyDeleteनमस्कार